
बक्सर, 31 जनवरी (विक्रांत) डुमरांव में मुख्य सड़क निर्माण के नाम पर तीन महीने से मार्ग बंद रहने और कार्य की अत्यंत धीमी गति के विरोध में शुक्रवार को जनआक्रोश देखने को मिला। समाजवादी विचार मंच के अध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार उर्फ संतोष मुखिया के नेतृत्व में आक्रोश मार्च निकाला गया।

यह मार्च डुमरांव शहीद स्मारक पार्क से शहीदों को नमन के पश्चात शुरू होकर छठी पोखरा होते हुए अनुमंडल कार्यालय पहुंचा, जहां अनुमंडल पदाधिकारी को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया।मार्च को संबोधित करते हुए संतोष मुखिया ने कहा कि डुमरांव नगर के मुख्य मार्ग का निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं, लापरवाही और अनावश्यक अवरोध उत्पन्न किए जा रहे हैं। इसके कारण नगरवासियों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मुख्य मार्ग बंद रहने से भारी वाहनों का परिचालन कोरान सराय, ब्रह्मपुर, ढाकाइच, आरियाव होते हुए कृष्ण ब्रह्मा क्षेत्र की ग्रामीण सड़कों से किया जा रहा है। मानक भार के अनुरूप न बनी इन सड़कों पर भारी वाहनों के चलने से सड़कें टूट रही हैं और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। ब्रह्मपुर शिव मंदिर रोड, रघुनाथपुर क्षेत्र और एक किलोमीटर बाजार में प्रतिदिन भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे रेल यात्रियों की ट्रेनें छूट रही हैं और आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।व्यापारियों का कहना है कि लोडिंग-अनलोडिंग की लागत बढ़ गई है और कारोबार चौपट हो रहा है। जनता द्वारा बार-बार शिकायत के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है।

ज्ञापन में मांग की गई कि ग्रामीण सड़कों पर भारी वाहनों के परिचालन पर तत्काल रोक लगे, निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच हो, गुणवत्ता के साथ कार्य में तेजी लाई जाए और क्षतिग्रस्त सड़कों की अविलंब मरम्मत कराई जाए। आक्रोश मार्च में राजीव सिंह, महेश यादव, हरेंद्र सिंह नागेंद्र मोहन सिंह,शमीममंसूरी,प्रदीप शरण,दीपक सिंह,अजय सिंह, जंगली यादव, विशाल सिंह, शंकर शाह, हरिकृष्ण यादव, संतोष शर्मा ,अरविंद सिंह, संजय सिंह, कामेश्वर सिंह, गुडु सिंह, खेलन सिंह, रमेश यादव, दिनेश यादव ,पिंटू यादव, मन्नालाल सिंह, मुना यादव, पहलाद गिरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल रहे।

