
समस्तीपुर, 05 फरवरी (समस्तीपुर डेस्क) वित्तीय वर्ष 2025-26 में समस्तीपुर रेल मंडल ने टिकट जांच के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 की अवधि के दौरान बिना टिकट अथवा बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले कुल 6,46,076 यात्रियों को पकड़ा गया। इन मामलों से रेल प्रशासन को ₹47,24,85,213 का भारी-भरकम राजस्व प्राप्त हुआ है, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।आंकड़ों पर नजर डालें तो यह सफलता और भी चौंकाने वाली है।

पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 की समान अवधि में 5,14,058 मामले दर्ज किए गए थे, जिनसे ₹35,20,09,972 का राजस्व मिला था। इस तुलना में चालू वित्तीय वर्ष में मामलों की संख्या में 25.68 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि राजस्व में 34.22 प्रतिशत की रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है।रेल मंडल के अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि निरंतर एवं सघन टिकट जांच अभियानों का परिणाम है। इन अभियानों का उद्देश्य न केवल बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाना है, बल्कि ईमानदार यात्रियों के हितों की रक्षा करना और रेलवे नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना भी है।

समस्तीपुर मंडल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे सदैव वैध टिकट या अधिकृत यात्रा प्राधिकार के साथ ही सफर करें। रेल मंडल सुरक्षित, सुव्यवस्थित और बेहतर यात्रा अनुभव देने के लिए लगातार प्रतिबद्ध है।

