
समस्तीपुर, 06 फरवरी (समस्तीपुर डेस्क) जिले के उजियारपुर प्रखंड में जहरीली शराब पीने से हुई दो मौतों के मामले ने तूल पकड़ लिया है। गावपुर पंचायत वार्ड संख्या-06 निवासी सन्नी ठाकुर (48 वर्ष) और बेलारी पंचायत वार्ड संख्या-02 निवासी विकास महतो (30 वर्ष) की मौत को लेकर पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

भाकपा-माले नेताओं ने आरोप लगाया है कि उजियारपुर पुलिस इस पूरे मामले को मारपीट से जोड़कर लीपापोती में लगी है।भाकपा-माले उजियारपुर प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान, आइसा नेता मो. फरमान, उमेश मलिक, सोनेलाल सिंह और जिला स्थायी कमेटी सदस्य फूलबाबू सिंह ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद दावा किया कि उच्चाधिकारी भी मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। नेताओं का कहना है कि उजियारपुर थाना क्षेत्र में जहरीली शराब के विक्रेताओं को खुला संरक्षण दिया जा रहा है।

भाकपा-माले ने थाना अध्यक्ष की बर्खास्तगी, शराब तस्करों पर कड़ी कार्रवाई, पीड़ित परिवार को मुआवजा और आमजन की सुरक्षा की मांग को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाने की घोषणा की है।

