
पटना, 07 जनवरी (अविनाश कुमार) बिहार के किशनगंज जिले से शादी के नाम पर धोखाधड़ी और घरेलू हिंसा का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने एक-दो नहीं बल्कि पूरे दस लड़कियों से शादी कर दहेज और नकदी की मोटी रकम ऐंठी और फिर उन्हें प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया। आरोपी की पहचान फारूक के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

घटना सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया है।मामले का खुलासा किशनगंज सदर थाना क्षेत्र के सिंधिया कुलमणि पंचायत अंतर्गत काशीपुर बलवा गांव में हुआ। पुलिस के अनुसार डायल 112 पर सूचना मिली कि ग्रामीणों ने एक युवक को बंधक बना लिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को सुरक्षित छुड़ाकर थाने लाया, जहां पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए।पुलिस पूछताछ में फारूक ने कबूल किया कि उसने अब तक दस महिलाओं से शादी की है। वह पहले लड़कियों से दोस्ती करता, प्रेम का नाटक कर भरोसा जीतता और फिर शादी कर लेता था।

शादी के बाद दहेज और नकदी की मांग करता, विरोध करने पर मारपीट करता और पत्नी को मायके भेज देता था। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसकी सभी पत्नियां वर्तमान में अपने-अपने परिवारों के साथ रह रही हैं।फारूक ने हर शादी में दहेज के रूप में बड़ी रकम वसूली। हालिया शादी में उसे 90 हजार रुपये मिलने की बात भी सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी ने कई परिवारों को इसी तरह ठगा। पुलिस आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा की धाराओं में मामला दर्ज कर अन्य पीड़ितों की तलाश में जुट गई है।

