
बक्सर, 07 फरवरी (विक्रांत) ब्लॉक कार्यालय परिसर में सोमवार को डुमरांव के पूर्व विधायक डॉ. अजित कुमार सिंह ने बासगीत पर्चाधारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। दो दर्जन से अधिक पर्चाधारी, जो विभिन्न गांवों की अनुसूचित बस्तियों से आए थे, ने वर्षों से लंबित अपने अधिकारों की व्यथा प्रशासन के समक्ष रखी।

पर्चाधारियों ने बताया कि कई साल पहले बासगीत जमीन का पर्चा तो उन्हें मिल गया, लेकिन वास्तविक कब्जा नहीं मिल सका। कुछ मामलों में दबंगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने का आरोप भी लगाया गया। कई पर्चाधारियों ने अपने भूखंड की जमाबंदी तक नहीं कराई, जिससे सरकारी अभिलेखों में होने के बावजूद जमीन का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। पूर्व विधायक डॉ. अजित कुमार सिंह ने सभी कागजातों की जानकारी ली और कहा कि बासगीत पर्चा अनुसूचित समाज और गरीबों को जमीन और छत का अधिकार देने के लिए है, लेकिन वर्षों बाद भी लाभ न मिलना प्रशासन की गंभीर विफलता है।

उन्होंने पर्चाधारियों को भरोसा दिलाया कि वे सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक उनकी लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने अधिकारियों से वार्ता कर लंबित जमाबंदी पूरी कराने और भूखंड पर विधिवत कब्जा दिलाने का आश्वासन भी दिया।इस अवसर पर समाजसेवी रामजी सिंह भी उपस्थित रहे। उन्होंने पर्चाधारियों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिया और कहा कि गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए समाज को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।यह कार्यक्रम बासगीत पर्चाधारियों के लिए उम्मीद की किरण साबित हुआ, जिन्होंने वर्षों से अपने हक की लड़ाई में निराशा का सामना किया था।

