
बक्सर, 09 फरवरी (विक्रांत) बक्सर में भारत की जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। आज दिनांक 09 फरवरी 2026 को जिला पदाधिकारी सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में जिला जनगणना समन्वय समिति (DLCCC) की महत्वपूर्ण बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में आयोजित की गई।

बैठक में जनगणना 2027 की तैयारियों, कार्ययोजना एवं विभागीय समन्वय पर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक में अपर समाहर्ता सह जिला जनगणना पदाधिकारी, स्थापना एवं नजारत उप समाहर्ता, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, जिला शिक्षा, योजना, कल्याण, पंचायती राज, कोषागार, सूचना जनसंपर्क, सूचना एवं विज्ञान, सांख्यिकी पदाधिकारी सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जिला पदाधिकारी ने जनगणना 2027 की ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना होगी, जिसे मोबाइल एप और CMMS पोर्टल के माध्यम से संपन्न कराया जाएगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य भारतीय जनगणना अधिनियम 1948 एवं जनगणना नियम 1990 के तहत होगा। यह 1872 से चली आ रही परंपरा की 16वीं तथा स्वतंत्रता के बाद 8वीं जनगणना होगी।

प्रथम चरण में 02 मई से 31 मई 2026 तक मकान सूचीकरण किया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण में फरवरी 2027 में वास्तविक जनसंख्या की गणना होगी। छूटे परिवारों के लिए 02 से 05 मार्च 2027 तक पुनरीक्षण किया जाएगा। बैठक में मलिन बस्तियों एवं विशेष क्षेत्रों की गणना को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

