समस्तीपुर, 2 सितम्बर (प्रवेश चौधरी) जिले के रोसड़ा प्रखंड अंतर्गत चकथात पूरब पंचायत में बिहार सरकार के राजस्व महाअभियान के तहत घर-घर जमाबंदी पर्चा नहीं मिलने को लेकर ग्रामीणों में नाराज़गी है। इस संदर्भ में ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी को एक लिखित आवेदन सौंपा है। सरकार की योजना के अनुसार राजस्व महाअभियान में भूमि संबंधित कागजातों की त्रुटियों को दुरुस्त कर प्रत्येक परिवार तक जमाबंदी पर्चा पहुँचाना है। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि राजस्व कर्मियों की लापरवाही के कारण लोगों को पर्चा पाने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि सरकार के स्पष्ट निर्देश के बावजूद पर्चा घर-घर वितरित नहीं किया जा रहा है। कई जगहों पर पर्चा संबंधित व्यक्तियों को देने की बजाय कार्यालयों या अन्य लोगों के पास रख दिया गया है। जब लोग पर्चा लेने जाते हैं तो उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान पर भेज दिया जाता है।ग्रामीणों का कहना है कि कभी कहा जाता है कि “यहाँ पर्चा नहीं है, वहाँ जाकर देखें”, और वहाँ जाने पर बताया जाता है कि “यहाँ भी नहीं है, कहीं और खोजें।” इस तरह वे बेवजह ठोकर खा रहे हैं और परेशान हो रहे हैं।
लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि अब तक न तो अभियान से संबंधित कोई जनसभा आयोजित की गई है और न ही जिम्मेदार कर्मियों ने सक्रियता दिखाई है। इससे सरकार की मंशा पर पानी फिरता नजर आ रहा है।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए तथा प्रत्येक परिवार तक समय पर जमाबंदी पर्चा पहुँचाने की ठोस व्यवस्था की जाए।आवेदन पर आलोक कुमार, रामबाबू महतो, रंजीत कुमार, लाली महतो, राम विनय महतो, राजकुमार शर्मा, रामवर्धन ठाकुर, संतोष पोद्दार, राकेश कुमार सिंह, संजीव कुमार, मिथिलेश कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हस्ताक्षर किए हैं।

