समस्तीपुर, 7 सितम्बर (राजेश झा) सरायरंजन प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बाघी पंचायत अंतर्गत चकहबीब वार्ड 10 में शनिवार की देर रात 10 की संख्या में हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों द्वारा फायरिंग की गई।

फायरिंग के दौरान एक युवक को गोली लग गई । घायल युवक का इलाज समस्तीपुर सदर अस्पताल में जारी है। घायल युवक की पहचान गांव के ही शिवजी पासवान के पुत्र महेंद्र पासवान (28) के रूप में की गई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि लोग सोए हुए थे। अचानक फायरिंग की आवाज सुनी गई। आवाज सुनने के बाद लोग घर से बाहर निकले। वहीं अपराधी लगातार फायरिंग कर रहे थे। फायरिंग के दौरान महेंद्र पासवान को दो गोली पैर में लग गई। घटना के बाद मुसरीघरारी पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन करते हुए घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं घटना के बाद सभी अपराधी फरार बताए गए हैं। इधर,थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना घटी है। कुछ असामाजिक तत्व द्वारा इस तरह का दहशत फैलाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि अभी तक आवेदन स्वजन द्वारा नहीं दिया गया है। आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

