समस्तीपुर, 19 सितम्बर (मोहम्मद जमशेद) जिले के अंगारघाट थाना क्षेत्र से लापता हुईं तीन नाबालिग छात्राओं को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्णिया से सकुशल बरामद कर लिया है। इस दौरान मानव तस्करी गिरोह के दो तस्करों नीरज कुमार पासवान (32) और अमित कुमार (23) को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरोह की योजना छात्राओं को नेपाल और बांग्लादेश में बेचने की थी, लेकिन सौदा पूरा होने से पहले ही पुलिस ने छापेमारी कर साजिश को विफल कर दिया।
तीनों छात्राएं एक ही गांव की रहने वाली हैं और 10वीं व 11वीं कक्षा की छात्रा हैं। वे 10 सितंबर को घर से नौकरी की तलाश में निकली थीं। समस्तीपुर जंक्शन पर टिकट लेते वक्त एक महिला तस्कर से उनकी मुलाकात हुई, जिसने उन्हें फुसलाकर अपने साथ मुजफ्फरपुर और फिर पूर्णिया ले गई। वहां कप्तान पारा मोहल्ले के एक बंद कमरे में उन्हें कैद कर लिया गया।
छात्राओं ने पूछताछ में बताया कि उन्हें नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया था। होटल में खाना खिलाने और घुमाने के बाद उन्हें पूर्णिया ले जाकर एक महिला की निगरानी में रखा गया। इसी दौरान एक लड़की ने मौके का फायदा उठाकर निगरानी कर रही महिला की बच्ची से दोस्ती की और उसके मोबाइल से घर फोन कर दिया। सूचना मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
पूर्णिया पुलिस के सहयोग से 17 सितंबर को छात्राओं को सकुशल बरामद कर लिया गया। हालांकि, गिरोह की दो महिला सदस्य और एक युवक मुकेश फरार हो गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने कबूल किया है कि लड़कियों को सरहद पार बेचने की तैयारी थी। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।

