समस्तीपुर, 22 सितम्बर (दीपक कुमार सिंह) समस्तीपुर रेल कारखाना परिसर में सोमवार से रेल विस्तार एवं विकास मंच के बैनर तले अनिश्चितकालीन आमरण अनशन की शुरुआत हो गई। अनशन पर उपेंद्र राय, रामविनोद पासवान और अशोक राय बैठे हैं। इनकी प्रमुख मांग है कि कारखाना को आवंटित ₹63.82 करोड़ की राशि से पीओएच रेल डब्बा निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए।

अनशनकारियों ने कारखाना के अस्तित्व को बचाने की अपील करते हुए कहा कि जब 2016-17 में ही बजट आवंटन और राशि निकासी हो चुकी है, तो अब तक कार्य शुरू क्यों नहीं हुआ। अन्य मांगों में भोला टॉकीज-मुक्तापुर-अटेरन चौक और पूसारोड रेल गुमटी पर ओवरब्रिज निर्माण, कर्पूरीग्राम-ताजपुर-भगवानपुर नई रेल लाइन की मंजूरी, चिल्ड्रेन पार्क का जीर्णोद्धार और रेल अस्पताल को केंद्रीय अस्पताल का दर्जा देना शामिल है।

सभा की अध्यक्षता सत्यनारायण सिंह ने की और संचालन सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने किया। सभा में भाकपा माले, राजद, माकपा, कांग्रेस समेत विभिन्न दलों और ट्रेड यूनियनों के नेताओं ने भाग लिया। राजद नेता राकेश ठाकुर ने चेताया कि समस्तीपुर रेल कारखाना को धीरे-धीरे समाप्त करने की साजिश हो रही है।
माले नेता सुरेंद्र सिंह ने आंदोलन और तेज करने की चेतावनी दी, जबकि मंच के संयोजक शत्रुघ्न राय ने इसे जन आंदोलन का रूप देने की अपील की। अनशनकारियों ने ऐलान किया कि मांगें पूरी होने या प्राण त्यागने तक अनशन जारी रहेगा।

