समस्तीपुर, 22 सितंबर (निज संवाददाता) निर्वाचक सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के तहत सोमवार को समाहरणालय सभागार में एक अहम समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त एवं निर्वाचन प्रेक्षक कौशल किशोर ने की। इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा सहित सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में प्रमंडल आयुक्त ने मतदाता सूची के अद्यतन, सत्यापन एवं शुद्धिकरण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की सटीकता चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता की बुनियाद होती है। अतः नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन जैसे कार्यों में विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।

आयुक्त कौशल किशोर ने समस्तीपुर जिले में अब तक हुई प्रगति पर संतोष जताते हुए संबंधित अधिकारियों को अभियान में और तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि उनकी सक्रियता से ही मतदाता सूची की गुणवत्ता सुनिश्चित होती है।
समीक्षा के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने जिले में चल रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि सभी गतिविधियां तय योजना के अनुसार प्रगति पर हैं और आगामी समय में इसे और तेज गति से पूर्ण किया जाएगा।
प्रमंडल आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि समस्तीपुर जिले की मतदाता सूची पूर्ण रूप से शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बन सके।

