समस्तीपुर, 22 सितंबर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर से पटना जाते समय प्रमुख वरुणा पुल, जिसका निर्माण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर शर्मा कंस्ट्रक्शन ने किया था, उद्घाटन से पहले ही गंभीर रूप से जर्जर हो गया है। पुल पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे पुल की लोहे की छड़ें भी दिखाई देने लगी हैं।

गड्ढों के कारण पुल से गुजरने वाली गाड़ियां बार-बार हिचकोले खाती हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने पुल की दुर्दशा को लेकर कई बार आवाज उठाई, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकला है।
जानकारी के अनुसार, पुल का निर्माण चार वर्षों से अधिक समय पहले हुआ था, लेकिन अभी तक इसका उद्घाटन नहीं हो पाया है। निर्माण के पांच साल तक सड़क की मरम्मत संवेदक की जिम्मेदारी होती है, लेकिन अब पुल की हालत चिंताजनक हो चुकी है।
स्थानीय नागरिक और यात्रियों ने प्रशासन से तत्काल निरीक्षण कर पुल की मरम्मत कराने की मांग की है ताकि गंभीर हादसों से बचा जा सके। पुल की इस स्थिति को देखते हुए अधिकारियों का शीघ्र संज्ञान लेना आवश्यक है।

