समस्तीपुर, 22 सितंबर (राजेश झा) समस्तीपुर जिले में सोमवार से शारदीय नवरात्र की शुरुआत भक्तिपूर्ण माहौल में हो गई है। शहर के विभिन्न दुर्गा मंदिरों और पूजा पंडालों में विधिविधान से कलश स्थापना की गई। दुर्गा सप्तशती के पाठ और मां शैलपुत्री को नवैद्य अर्पित कर श्रद्धालु पूजा-अर्चना और आरती में जुट गए।

पूरे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है। मंदिरों में धूप-दीप की सुगंध से वातावरण सुगंधित हो उठा है।
शाम होते ही श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा को दीप अर्पित कर आरती की और “या देवी सर्वभूतेषु शक्ति रूपेण संस्थिता” जैसे मंत्रों का उच्चारण कर वातावरण को और भी भक्तिमय बना दिया।

शहर में जगह-जगह मां दुर्गा के जयकारों से गूंज उठी, जिससे नवरात्र के पहले दिन धार्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।

