दानापुर, 22 सितंबर (विक्रांत) रेल विभाग द्वारा शुरू किए गए “स्वच्छता ही सेवा 2025” अभियान के तहत 22 सितंबर को दानापुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर स्वच्छता उत्सव का आयोजन किया गया। यह अभियान 7 सितंबर से शुरू होकर 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगा, जिसका उद्देश्य स्वच्छता को एक सामूहिक जिम्मेदारी बनाकर जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

इस वर्ष की थीम “स्वच्छता उत्सव” है, जो स्वच्छता को एक सामाजिक पर्व की तरह मनाने का संदेश देती है। इसी कड़ी में शुक्रवार को सफाई मित्रों द्वारा यात्रियों के बीच पर्यावरण अनुकूल सामग्रियों का वितरण किया गया। यात्रियों को हस्तनिर्मित जुट के झोले, पत्तों से बनी थालियां और इको-फ्रेंडली झाड़ू भेंट की गईं।

इसके अलावा, दानापुर मंडल के कोचिंग डिपो में अनुपयोगी वस्तुओं को पुनः उपयोग में लाकर उन्हें कलाकृतियों में बदला गया, जिससे न सिर्फ कचरे का सदुपयोग हुआ, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
यह अभियान रेलवे की ओर से एक प्रेरणादायक पहल है, जो सफाई और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा है।

