समस्तीपुर, 7 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) जिला कांग्रेस कमिटी समस्तीपुर ने भारत के मुख्य न्यायाधीश माननीय बी. आर. गवई पर हुए हमले की तीव्र निंदा करते हुए इसे संविधान, न्यायपालिका और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला करार दिया है। आपात बैठक में कांग्रेस नेताओं ने इस घटना को शर्मनाक और गंभीर बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में संवैधानिक संस्थाओं पर हमले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे लोकतंत्र खतरे में है।

जिला अध्यक्ष मो० अबू तमीम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि न्यायपालिका की स्वतंत्रता को दबाने की कोशिश देश के लिए खतरे की घंटी है। कांग्रेस पार्टी ने मांग की कि केंद्र सरकार इस मामले में उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करे। यदि निष्पक्ष जांच नहीं होती, तो यह स्पष्ट होगा कि हमले के पीछे राजनीतिक संरक्षण प्राप्त तत्व शामिल हैं।
बैठक में उपाध्यक्ष देवेंद्र नारायण झा, विजय शंकर शर्मा, सत्य नारायण सिंह, कामेश्वर पासवान, महासचिव मुकेश कुमार चौधरी, लाल नारायण ठाकुर, शशि भूषण राय, युवा कांग्रेस अध्यक्ष रितेश कुमार चौधरी सहित कई नेता उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में न्यायपालिका की गरिमा बनाए रखने की अपील की।

