समस्तीपुर, 7 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) रामपुर जलालपुर स्थित काली मंदिर परिसर में नवयुवक संघ के तत्वावधान में मां काली पूजा समिति की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बालेंदु शेखर ने की। इस दौरान वर्षवार प्रतीक्षारत मूर्ति निर्माताओं की सूची से प्रकाश कुमार चौधरी, दिवेश कुमार चौधरी और राजीव कुमार चौधरी का चयन किया गया, वहीं सार्वजनिक व्रती के रूप में रंजीत चौधरी का चयन हुआ।

बैठक में आगामी काली पूजा समारोह के तहत 20 से 25 अक्तूबर तक चलने वाले पांच दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। कार्यक्रम के अनुसार, 20 अक्तूबर को दीपावली की रात महाकाली निशा पूजा व नाटक का आयोजन होगा। 21 अक्तूबर को 1101 थाली से महाआरती व देवी जागरण, 22 को वैदिक गंगा आरती और अल्ला उद्दल, 23 को संध्या आरती व अल्ला उद्दल विदेशिया, 24 को भव्य शोभायात्रा संग प्रतिमा विसर्जन और 25 अक्तूबर को ब्राह्मण भोज का आयोजन किया जाएगा।
पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया। पूजन समिति का प्रभार अवनीश कुमार, प्रशांत कुमार व पंकज चौधरी को, कार्यक्रम समिति का प्रभार कृष्ण कुमार कुंदन व रमेश चौधरी को सौंपा गया। वहीं अनुशासन, प्रकाश, सजावट, गंगा आरती, महाआरती और प्रसाद वितरण समितियों के लिए भी जिम्मेदारियों का निर्धारण किया गया।
इस बैठक में समिति सदस्यों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

