समस्तीपुर, 9 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) समस्तीपुर रेल मंडल में एक दिवसीय मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। यह विशेष ड्राइव सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक चला, जिसमें मंडल के सभी टिकट जांच स्क्वॉड, स्टैटिक और स्लीपर टिकट जांच कर्मी, वाणिज्य निरीक्षक, पर्यवेक्षक और अन्य वाणिज्य विभाग के अधिकारी शामिल रहे। अभियान के दौरान प्रीमियम, मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को लक्ष्य बनाकर गहन जांच की गई।

इस विशेष जांच अभियान में कुल 3322 यात्रियों को बिना टिकट या अनुचित टिकट के यात्रा करते हुए पकड़ा गया। इन यात्रियों से कुल 24.75 लाख रुपये जुर्माना के रूप में वसूले गए। रेल प्रशासन ने इस कार्रवाई के साथ-साथ यात्रियों को नियमित टिकट लेकर ही यात्रा करने के लिए प्रेरित भी किया, जिससे भविष्य में उन्हें किसी असुविधा का सामना न करना पड़े और रेलवे की आय में भी वृद्धि हो। प्रशासन ने यात्रियों से नियमों का पालन करने की अपील की है।

