समस्तीपुर, 22 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर समस्तीपुर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। जिले के शीर्ष अधिकारी, जिनमें जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा और एसपी समेत अन्य आला अफसर शामिल हैं, लगातार कार्यक्रम स्थल और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण कर रहे हैं।

सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी डीएम रौशन कुशवाहा के हाथों में है, जो स्वयं हर पहलू पर नजर बनाए हुए हैं।
कार्यक्रम स्थल पर पूर्वी और पश्चिमी जिला अध्यक्षों ने बताया कि प्रधानमंत्री का आगमन समस्तीपुरवासियों के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि “विश्व के नेता हमारे पीएम मोदी का यहां आना सौभाग्य की बात है। विकासशील बिहार, विकसित भारत के निर्माण में मोदी जी की भूमिका अहम रही है।”

डीएम ने मीडिया से बातचीत में बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और तैयारियां जोरों पर हैं। पीएम मोदी के आगमन से पूर्व जननायक कर्पूरी ठाकुर की जन्मस्थली को भी चाक-चौबंद सुरक्षा घेरे में लिया गया है।

प्रधानमंत्री सबसे पहले कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और यहीं से बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी का बिगुल फूकेंगे। केंद्र की तर्ज पर बिहार को विकसित राज्य बनाने का संकल्प भी इस दौरे में जाहिर किया जाएगा।

