समस्तीपुर, 22 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) उजियारपुर प्रखंड के भगवानपुर कमला निवासी लोकप्रिय समाजसेवी भाई राजू साहनी ने इस वर्ष छठ पूजा के अवसर पर प्रखंड की सभी 28 पंचायतों में एक-एक आदर्श छठ घाट बनाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि हर घाट पर साफ-सफाई, रोशनी, महिला व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम और मनोरंजन की समुचित व्यवस्था की जाएगी।

एक वीडियो संदेश के माध्यम से भाई राजू साहनी ने कहा कि उन्होंने पिछले साल ही यह वादा किया था और इस बार छठ मैया की प्रेरणा से इसे पूरा करेंगे। उन्होंने कहा, “आप सभी का आशीर्वाद और छठी मइया का आदेश मिल गया लगता है, इसलिए इस बार हर पंचायत में एक छठ घाट को आदर्श रूप दूंगा।”
साहनी ने यह भी स्पष्ट किया कि वे विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने अपने समर्थकों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चुनाव लड़ना उनका उद्देश्य नहीं था, बल्कि सेवा ही उनका लक्ष्य है। “मैं आपका बेटा हूं, और हमेशा रहूंगा,” उन्होंने कहा।
राजू साहनी लंबे समय से न सिर्फ असम में अपने कार्यक्षेत्र में, बल्कि अपने पैतृक गांव कमला और आसपास के क्षेत्रों में सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं। चाहे छठ घाट की साज-सज्जा हो या मुश्किल समय में जरूरतमंदों की मदद, उन्होंने हमेशा लोगों के साथ खड़े रहने का काम किया है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि किसी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें और आश्वस्त रहें कि उनकी सेवा पहले की तरह निरंतर जारी रहेगी।

