समस्तीपुर, 22 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) नगर थाना परिसर से एक बरामद ई-रिक्शा के गायब हो जाने का मामला सामने आया है। अंगारघाट थाना क्षेत्र के डढ़िया असाधर निवासी दिलीप राय की ई-रिक्शा बीते वर्ष 20 अक्तूबर को पटेल मैदान स्टेडियम मार्केट से चोरी हुई थी। नगर थाना में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने कुछ महीने पहले रिक्शा बरामद कर ली थी।

हालांकि, पीड़ित जब कोर्ट का रिलीज ऑर्डर लेकर थाने पहुंचा तो पता चला कि ई-रिक्शा थाने से ही गायब है। चौंकाने वाली बात यह रही कि थाने के किसी पुलिसकर्मी को यह नहीं पता कि रिक्शा कब और कैसे गायब हुई। यह घटना पूर्व नगर थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव के कार्यकाल की है। अब नए थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसआई हरिलाल यादव, जो केस के आईओ थे, ने बताया कि एफआरटी जमा किया जा चुका है। यह पहला मौका नहीं है जब नगर थाना से वाहन चोरी हुआ हो, करीब तीन साल पहले भी यहां से पुलिस की अचीवर बाइक चोरी हो चुकी है, जो अब तक नहीं मिली।

