मधुबनी 22 अक्तूबर (निज संवाददाता) आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मधुबनी जिले में चुनाव प्रशिक्षण की प्रक्रिया तेज़ी से चल रही है। इस क्रम में पहले चरण का प्रशिक्षण इंजीनियरिंग कॉलेज, पंडौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण में सभी कर्मचारियों को चुनाव से संबंधित उनके कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया, ईवीएम और वीवीपैट के संचालन सहित अन्य आवश्यक पहलुओं की पूरी जानकारी दी गई। उन्हें डमी ईवीएम के माध्यम से प्रायोगिक अभ्यास भी कराया गया, ताकि वे चुनाव के दिन अपने कर्तव्यों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर सकें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल समापन के बाद अधिकारियों द्वारा दूसरे चरण की तैयारी की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अगला प्रशिक्षण सत्र भी लगभग तैयार है और इसमें भी प्रशिक्षणार्थियों को व्यावहारिक और सैद्धांतिक दोनों तरीकों से दक्ष बनाया जाएगा।
जिला प्रशासन चुनाव प्रक्रिया को सुचारु, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने हेतु सभी आवश्यक कदम उठा रहा है।

