समस्तीपुर, 22 अक्टूबर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के सफल एवं निष्पक्ष संचालन हेतु आज समस्तीपुर जिले के संत कबीर महाविद्यालय में मास्टर ट्रेनरों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा के निर्देशानुसार और नोडल पदाधिकारी सह जिला बंदोबस्त पदाधिकारी विजय कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

प्रशिक्षण सत्र में मुख्य मास्टर ट्रेनर सतीश कुमार यादव ने मास्टर ट्रेनरों को संबोधित करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मास्टर ट्रेनर का दायित्व है कि वे मतदान दलों के प्रत्येक सदस्य को चुनाव प्रक्रिया की हर बारीकी से अवगत कराएं, ताकि चुनाव ड्यूटी के दिन कोई गलती न हो।

नोडल पदाधिकारी विजय कुमार ने भी सभी मास्टर ट्रेनरों को गंभीरता से प्रशिक्षण लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षकों को न केवल विषयवस्तु का गहन ज्ञान होना चाहिए, बल्कि उसे प्रभावी ढंग से संप्रेषित करने की क्षमता भी होनी चाहिए।
यह प्रशिक्षण सत्र मास्टर ट्रेनरों की दक्षता बढ़ाने और द्वितीय चरण के प्रशिक्षण को पूरी तरह सफल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

