समस्तीपुर, 23 अक्टूबर (समस्तीपुर डेस्क) लोक आस्था के पर्व छठ को लेकर भारतीय रेल ने इस वर्ष एक अनोखी पहल की है। देशभर के 30 से अधिक प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली से छठ पूजा के पारंपरिक गीत गूंज रहे हैं। ये गीत यात्रियों के मन को छू रहे हैं और उन्हें बिहार की सोंधी संस्कृति से जोड़ रहे हैं।

भारतीय रेल ने पहली बार इस तरह का सांस्कृतिक प्रयोग किया है। कोलकाता, नई दिल्ली, आनंद विहार, पटना, दानापुर, हाजीपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सहरसा, आरा, बक्सर, जमालपुर और कटिहार सहित 30 से अधिक स्टेशनों पर छठ गीत बजाए जा रहे हैं। इन गीतों की मधुर ध्वनि से स्टेशन का माहौल भक्तिमय बन गया है।
महिला यात्रियों को इन गीतों को गुनगुनाते हुए देखा जा रहा है, जिससे छठ का उत्सव और भी जीवंत हो उठा है। रेलवे ने बताया कि इस वर्ष 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनों और हजारों नियमित ट्रेनों के माध्यम से लाखों यात्रियों को सुरक्षित घर पहुंचाया जा रहा है।
छठ गीतों से सजे स्टेशन यात्रियों को अपनापन का एहसास करा रहे हैं। यह पहल यात्रियों को न केवल सांस्कृतिक रूप से जोड़ रही है, बल्कि लोक आस्था के इस महापर्व को और भी भावनात्मक बना रही है।

