पटना, 24 अक्टूबर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद नालंदा पुलिस की सक्रियता तेज हो गई है। पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक जिले में 863 से अधिक व्यक्तियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। इसी क्रम में पुलिस ने बिहारशरीफ शहर में अवैध हथियार निर्माण की मिनी फैक्ट्री का खुलासा किया है।

खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने सोहसराय थाना क्षेत्र के मंसूर नगर में दिलीप मिस्त्री के घर छापेमारी की। अपर पुलिस अधीक्षक नुरुल हक ने बताया कि 23 अक्टूबर की शाम हुई इस कार्रवाई में एक देसी कट्टा, दो नाली बंदूक, दो जिंदा कारतूस, अर्धनिर्मित बट, बैरल, लोहे का शिकंजा और हथियार बनाने के कई उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस ने इस मामले में मंसूर नगर निवासी स्वर्गीय मुन्नी मिस्त्री के पुत्र दिलीप मिस्त्री और उसके पुत्र आदित्य कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ जारी है ताकि हथियार निर्माण और सप्लाई नेटवर्क से जुड़ी जानकारी हासिल की जा सके। नालंदा पुलिस ने कहा कि चुनावी माहौल में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में अभियान और भी तेज किया गया है।

