बक्सर, 24 अक्टूबर (विक्रांत) बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गृहमंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को बक्सर के ऐतिहासिक किला मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। सभा की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने की, जबकि संचालन जदयू जिलाध्यक्ष अशोक सिंह यादव ने किया।

कार्यक्रम में बक्सर से भाजपा प्रत्याशी आनंद मिश्रा, राजपुर से जदयू प्रत्याशी संतोष कुमार निराला, डुमरांव से जदयू प्रत्याशी राहुल सिंह, ब्रह्मपुर से लोजपा प्रत्याशी हुलास पांडेय और शाहपुर (आरा) से भाजपा प्रत्याशी राकेश ओझा मौजूद रहे। इसके अलावा लोजपा, रालोमो और हम पार्टी के जिलाध्यक्ष भी मंच साझा करते नजर आए।

स्वागत भाषण में भाजपा जिलाध्यक्ष भुवन ने सभी प्रत्याशियों को माला व अंगवस्त्र से सम्मानित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश तेजी से प्रगति कर रहा है, और अब बक्सर को भी विकास की नई ऊंचाई पर ले जाने का समय है।
भाजपा प्रत्याशी आनंद मिश्रा ने कहा कि “भारत और बिहार में डबल इंजन की सरकार है, इसलिए क्षेत्र के समग्र विकास के लिए एनडीए प्रत्याशियों को विजयी बनाना जरूरी है।”
अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा, “बक्सर की धरती पवित्र है, यह प्रभु श्रीराम की शिक्षा स्थली रही है। यहां का जनसमूह बताता है कि बिहार फिर एनडीए के साथ है।” उन्होंने जनता से सभी एनडीए उम्मीदवारों को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि “एनडीए की जीत ही विकास की गारंटी है।”

