
समस्तीपुर, 07 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) आज राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर समस्तीपुर मंडल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन देशभर में चल रहे ऐतिहासिक कार्यक्रमों की कड़ी का हिस्सा था, जिसकी औपचारिक शुरुआत नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में प्रधानमंत्री द्वारा देश को संबोधित करने के साथ हुई।
समस्तीपुर मंडल कार्यालय के सभागार में सुबह 10:00 बजे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी एकत्रित होकर राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन किया। इसके उपरांत प्रधानमंत्री का प्रेरणादायी संबोधन सुनाया गया, जिसमें उन्होंने गीत की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, राष्ट्र निर्माण में योगदान और देशभक्ति एवं एकता को बढ़ाने में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।
अपर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा, “वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि आत्मसम्मान, राष्ट्रप्रेम और एकता का प्रतीक है। हमें गर्व है कि हम इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी हैं।”
यह गीत 1875 में बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचा गया था और उनकी कृति आनंदमठ में प्रकाशित हुआ। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान यह गीत जन-जन का उद्घोष बन गया। स्वतंत्र भारत के संविधान में भी इसे राष्ट्रीय गीत का दर्जा मिला।
कार्यक्रम में मंडल कार्यालय के सभी शाखा अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन सक्रिय रूप से शामिल हुए। पूरे वातावरण में देशभक्ति और उत्साह की भावना देखने को मिली।

