समस्तीपुर, 07 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) समस्तीपुर जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा द्वारा कल लखीसराय में राष्ट्रीय जनता दल और यादव समाज पर बुलडोजर चलवाने की धमकी वाले बयान की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह बयान उप मुख्यमंत्री के मानसिक संतुलन की कमी को दर्शाता है और उनके उच्च पद के लिए अत्यंत अशोभनीय है।

राकेश ठाकुर ने कहा, “क्या एक उप मुख्यमंत्री को इस तरह की भाषा का उपयोग करना चाहिए। विजय सिन्हा गरिमा विहीन हो गए हैं। उनका बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, अशोभनीय, अमर्यादित और निंदनीय है। उप मुख्यमंत्री ने अपने पद की मर्यादा और गरिमा को कलंकित किया है। ऐसे बयान समाज में भेदभाव और तनाव पैदा करते हैं।”
राजद प्रवक्ता ने आगे कहा कि अपने अमर्यादित बयान के लिए उप मुख्यमंत्री को बिहार के यादव भाइयों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस प्रकार के बयान समाज में नकारात्मक प्रभाव डालते हैं और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं हैं।

