समस्तीपुर, 16 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) जिले के विथान प्रखंड के महान स्वतंत्रता सेनानी शंकर प्रसाद जायसवाल का भागलपुर स्थित अपनी भतीजी के घर में लगभग 100 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे जिले के प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी डॉ. राधा कृष्ण चौधरी के छोटे भाई थे। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में उन्होंने अपने बड़े भाई के साथ मिलकर स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई और अंग्रेजों की अनेक यातनाओं को सहा।

जिला प्रशासन समस्तीपुर प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर उन्हें पटेल मैदान में सम्मानित करता रहा है। भागलपुर में उनका मरणोपरांत राजकीय सम्मान के साथ गंगा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें उनके नाती अभिनव कुणाल ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य लोगों ने कहा कि स्वर्गीय जायसवाल स्वतंत्रता संग्राम के उन विरले योद्धाओं में से थे जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
उनके पैतृक गांव विथान बाजार में भी निधन की खबर सुनकर शोक की लहर दौड़ गई। बुद्धिजीवियों, व्यवसायियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया। परिजन प्रताप भानु ने बताया कि उनके निधन से मर्माहत लोग अपनी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

