नई दिल्ली, 21 नवम्बर (अशोक “अश्क”) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को गुजरात के भुज स्थित बीएसएफ कैंप पहुंचकर सीमा सुरक्षा बल के 61वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए। जवानों को संबोधित करते हुए उन्होंने सीमा सुरक्षा और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाने में बीएसएफ की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में बीएसएफ की प्रतिबद्धता और पराक्रम अभूतपूर्व है।

संबोधन के दौरान शाह ने नागरिकों से 12 राज्यों में मतदाता सूची में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का पूरा समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया राष्ट्रहित और लोकतंत्र की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
गृहमंत्री ने स्पष्ट कहा, “हम इस देश में से एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर बाहर निकालेंगे। यह हमारा संकल्प है। एसआईआर देश और लोकतंत्र की सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण कदम है।”
शाह ने विपक्षी दलों पर बिना नाम लिए निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक पार्टियां घुसपैठियों को हटाने की इस प्रक्रिया को कमजोर करना चाहती हैं। उन्होंने दावा किया कि बिहार चुनाव में जनता ने इस मुद्दे पर एनडीए को पूर्ण बहुमत देकर समर्थन जताया है।
उन्होंने कहा, “दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ राजनीतिक दल चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची को सही करने के लिए शुरू की गई एसआईआर प्रक्रिया का विरोध कर रहे हैं।”
गृह मंत्री ने देशवासियों से अपील की कि वे इस अभियान में चुनाव आयोग का सहयोग करें। साथ ही विपक्ष को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि बिहार का जनादेश पूरे देश की भावना को दर्शाता है, और घुसपैठियों के समर्थन में खड़ा होने वाली राजनीति को जनता समझ चुकी है।
समारोह के बाद शाह ने बीएसएफ टुकड़ियों की परेड सलामी ली और जवानों से सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की।

