नई दिल्ली, 21 नवम्बर (अशोक “अश्क”) मिस मेक्सिको फातिमा बॉश ने मिस यूनिवर्स 2025 का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया। भारत की 22 वर्षीय प्रतिनिधि मनिका विश्वकर्मा ने लुक्स और इंटेलिजेंस से सभी को प्रभावित किया, लेकिन वह टॉप-12 में जगह बनाने में असफल रहीं। मनिका की यात्रा टॉप-30 राउंड तक ही पहुंच सकी।

थाईलैंड की प्रतिभागी प्रवीनार सिंह को फर्स्ट रनर-अप चुना गया, जबकि सेकेंड रनर-अप का ताज वेनेजुएला और थर्ड रनर-अप का ताज फिलीपींस ने जीता। फाइनल राउंड में चिली, कोलंबिया, क्यूबा, ग्वाडेलोप, मेक्सिको, प्यूर्टो रिको, वेनेजुएला, चीन, फिलीपींस, थाईलैंड, माल्टा और कोट डी आइवर की सुंदरियों ने जगह बनाई।
मिस यूनिवर्स 2024 विक्टोरिया केजर थेलविग ने फातिमा के सिर पर मिस यूनिवर्स 2025 का ताज सजाया। डेनमार्क की विक्टोरिया को यह ताज 16 नवंबर 2024 को मिला था और वह यह खिताब जीतने वाली अपने देश की पहली महिला बनी थीं।
1952 में स्थापित मिस यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन महिलाओं में नेतृत्व, शिक्षा, सामाजिक प्रभाव, विविधता और व्यक्तिगत विकास को बढ़ावा देने का मंच माना जाता है।
हालांकि, इस वर्ष प्रतियोगिता विवादों से भी घिरी रही। जज और संगीतकार उमर हार्फूच ने फाइनल से तीन दिन पहले इस्तीफा देते हुए आरोप लगाया कि जूरी के एक सदस्य का एक प्रतियोगी से संबंध है और टॉप-30 की सूची पहले से तय थी। इसके बाद फ्रांसीसी फुटबॉल मैनेजर क्लाउड मैकेले ने भी निजी कारणों का हवाला देते हुए जूरी छोड़ दी।
फातिमा बॉश शुरुआत से ही सुर्खियों में रहीं, जब प्रतियोगिता के मेजबान नवात इत्सराग्रिसिल ने उन्हें मंच पर ‘Dumbhead’ कहकर संबोधित कर दिया था। इस घटना के बाद कई प्रतिभागी उनके समर्थन में वॉकआउट कर गईं। विवाद बढ़ने पर मेजबान को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी।

