पटना, 22 नवम्बर (पटना डेस्क) बिहार में एनडीए की नई सरकार के गठन के बाद अब प्रशासनिक गतिविधियों में तेजी आ गई है। 25 नवंबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक होने जा रही है। इस अहम बैठक में नई विधानसभा के पहले सत्र को बुलाने पर फैसला लिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, सरकार इस बैठक में कुछ और महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णयों पर भी मुहर लगा सकती है।

इससे पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली कैबिनेट के सभी 26 मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया गया। दिलचस्प बात यह है कि इस बार पहली बार गृह विभाग सीएम नीतीश कुमार से लेकर बीजेपी कोटे के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सौंपा गया है। मुख्यमंत्री के पास सामान्य प्रशासन, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी और निर्वाचन विभाग रखे गए हैं।कैबिनेट गठन के बाद होने वाली पहली बैठक में सभी 26 मंत्रियों के उपस्थित रहने की संभावना है, जिनमें कई नए चेहरे भी शामिल हैं। नई कैबिनेट में अनुभवी नेताओं के साथ-साथ युवाओं को भी प्रमुख जिम्मेदारियां दी गई हैं। कुछ मंत्रियों को उनके पुराने विभाग ही मिले हैं, जबकि कई के विभागों में महत्त्वपूर्ण फेरबदल किया गया है, जिससे सरकार की नई कार्य शैली और प्राथमिकताओं के संकेत मिलते हैं।इस बीच नई सरकार के मंत्रियों की संपत्ति को लेकर जारी एक रिपोर्ट ने सबका ध्यान आकर्षित किया है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) और बिहार इलेक्शन वॉच की संयुक्त रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री सहित 27 में से 24 मंत्रियों के शपथ-पत्रों के विश्लेषण में सामने आया है कि नीतीश कैबिनेट के 88 % मंत्री करोड़पति हैं। आंकड़ों के अनुसार, भाजपा के 13 में से 11, जदयू के सभी 8, हम के 1 में 1 और लोजपा-रामविलास के 2 में से 1 मंत्री करोड़पति पाए गए हैं।रिपोर्ट में मंत्रियों की औसत संपत्ति 5.32 करोड़ रुपये आंकी गई है। सबसे अधिक संपत्ति रखने वाले मंत्री औराई से निर्वाचित रमा निषाद हैं, जिनकी कुल घोषित संपत्ति 31.86 करोड़ रुपये है। वहीं, सबसे कम संपत्ति बखरी से विधायक संजय कुमार के पास है, जिन्होंने अपने शपथ-पत्र में 22.30 लाख रुपये की संपत्ति दर्शाई है।नई कैबिनेट की पहली बैठक से सरकार की प्राथमिकताओं और कामकाज की दिशा को लेकर कई संकेत मिलने की उम्मीद है। बिहार की जनता की निगाहें अब 25 नवंबर को होने वाले इस महत्वपूर्ण आयोजन पर टिकी हुई हैं।

