समस्तीपुर, 26 नवम्बर (मोहम्मद जमशेद) मौलाना मजहरुल हक़ टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, मथुरापुर में बुधवार को संविधान दिवस बड़े ही गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कॉलेज के चेयरमैन अबू तमीम थे, जबकि अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. अंजुम वारिस ने की। समारोह की शुरुआत भारतरत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर सहित संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद उपस्थित जनों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।

मुख्य अतिथि अबू तमीम ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे समृद्ध और शक्तिशाली संविधान है, जिसने देश को लोकतांत्रिक, समतामूलक और न्यायपूर्ण दिशा प्रदान की है। प्राचार्य डॉ. अंजुम वारिस ने डॉ. अम्बेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि संविधान दिवस उसके मूल्यों और सिद्धांतों को आत्मसात करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि यदि संविधान को लागू करने वाले लोग ईमानदार और योग्य हों तो देश समृद्ध होता है, जबकि गलत नेतृत्व सर्वोत्तम संविधान पर भी नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।

कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं को संविधान में निहित मूल अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. रंजीता कुमारी, सविता कुमारी, रंजना कुमारी, डॉ. आशीष कुमार, स्वाति कुमारी, सकीना बानो, डॉ. इफ़्तेख़ार आलम अंसारी, डॉ. सेराज अहमद समेत कई शिक्षकों ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में राज कुमार, निखत शाहीन, मो. अरशद अंसारी, अदिति कुमारी, रौशन कुमार, पूजा कुमारी सहित अनेक प्रशिक्षुओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

