नालंदा, 28 नवम्बर 2025 (अविनाश पाण्डेय) मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कर कमलों द्वारा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत राज्य की 10 लाख लाभुक महिलाओं को प्रति लाभुक 10,000 रुपये की दर से 1000 करोड़ रुपये का आर्थिक अंतरण कार्यक्रम हरदेव भवन सभागार, बिहारशरीफ में आयोजित किया गया।

यह योजना राज्य के सभी परिवारों की एक महिला को रोजगार शुरू करने हेतु प्रारंभिक आर्थिक सहायता प्रदान करती है। प्रारंभिक राशि 10 हजार रुपये है, जिसे बाद में आकलन के आधार पर 2 लाख रुपये तक बढ़ाया जा सकता है। योजना के तहत महिलाओं को रोजगार चयन एवं प्रशिक्षण की सुविधा स्थानीय स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। उत्पादन, विपणन एवं हाट-बाजार तक पहुँच की व्यवस्था भी योजना में शामिल है।
नालंदा जिले में आज 5483 लाभुक महिलाओं के खातों में कुल 5.48 करोड़ रुपये का सीधे अंतरण किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी कुंदन कुमार, उप विकास आयुक्त श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर, सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक डॉ. जितेंद्र कुमार और रुहेल रंजन सहित जीविका परियोजना प्रबंधक और कई जीविका दीदीयां उपस्थित थीं।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और राज्य एवं देश के आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करना है।

