समस्तीपुर, 02 दिसम्बर (मोहम्मद जमशेद) अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को अनुमंडल सभाकक्ष में विधि-व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना अध्यक्ष तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक का मुख्य फोकस विवाह समारोहों और सामाजिक आयोजनों में बिना अनुमति देर रात तक बजाए जा रहे डीजे-साउंड सिस्टम से उत्पन्न शोर-शराबे और अश्लील गीतों के बढ़ते प्रचलन पर रहा।समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई स्थानों पर निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि प्रदूषण फैलाया जा रहा है, जिससे आमजन को भारी परेशानी होती है। इस पर एसडीओ ने सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि बिना अनुमति किसी भी समारोह में डीजे या बाजा रात देर तक नहीं बजाया जाएगा। साथ ही अश्लील गीतों के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन होने पर आयोजकों एवं डीजे संचालकों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।बैठक में कई डीजे संचालक दल भी उपस्थित रहे, जिन्हें स्पष्ट रूप से आदेशों का पालन करने और ध्वनि सीमा का सम्मान करने को कहा गया। शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न बैठक के बाद सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर कार्यवाही समाप्त की गई।

