समस्तीपुर, 05 दिसम्बर (समस्तीपुर डेस्क) काशीपुर स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुए 10 करोड़ के बहुचर्चित लूटकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। नगर थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात बदमाश धर्मनाथ सिंह उर्फ धरमा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उसकी गिरफ्तारी को इस हाईप्रोफाइल केस के खुलासे में अहम कड़ी माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, धरमा मूल रूप से वैशाली जिले के विद्दूपर थाना क्षेत्र के मथुरा गांव का निवासी है। पुलिस ने बीती रात गुप्त सूचना के आधार पर उसके घर पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस टीम को बड़ी कामयाबी मिली। धरमा के ठिकाने से करीब 42 लाख रुपये मूल्य का 350 ग्राम सोना और दो लाख रुपये नकद बरामद किया गया। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
ज्ञात हो कि 7 मई को बैंक ऑफ महाराष्ट्र की काशीपुर शाखा में करीब 10 करोड़ रुपये के आभूषण और 15 लाख रुपये कैश की सनसनीखेज लूट की गई थी। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की खोज में जुटी थी और अब तक एक दर्जन से अधिक बदमाश गिरफ्त में आ चुके हैं।
नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि धरमा की गिरफ्तारी से केस और मजबूत हो गया है। फरार अन्य आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को जल्द ही और बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद है।

