समस्तीपुर, 05 दिसम्बर (राजेश झा) रोसड़ा शहर में लंबे समय से जारी जाम की समस्या को दूर करने के लिए नगर प्रशासन ने शुक्रवार को व्यापक अभियान चलाया। नगर प्रबंधक कलाममुद्दीन अंसारी के नेतृत्व में अभियान नंद चौक से शुरू होकर सिनेमा चौक, महावीर चौक, रजिस्ट्री ऑफिस मार्ग और गांधी चौक तक पहुँचा। इस दौरान सड़क किनारे लगे ठेले, खोमचा और अस्थायी दुकानों के अलावा अवैध खड़ी गाड़ियों को भी जब्त कर नगर परिषद कार्यालय ले जाया गया।

अधिकारियों ने कहा कि आम लोगों के आवागमन को सुगम बनाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसलिए अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान के दौरान बुलडोजर से कई दुकानों और अतिक्रमण को तोड़ा गया। नगर परिषद ने कहा कि यह कार्रवाई सिर्फ एक दिन की नहीं होगी और शनिवार को भी टीम सड़क खाली कराने का अभियान जारी रखेगी।
हालांकि, सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि प्रशासन के हटते ही कुछ ही देर बाद कई दुकानदारों ने दोबारा अपने ठेले और दुकानों को सड़क पर लगा लिया। इससे सवाल उठने लगे हैं कि बिना नियमित निगरानी के यह अभियान स्थायी प्रभाव डाल पाएगा या नहीं।
स्थानीय लोग बताते हैं कि प्रशासन की एक-दो दिन की कार्रवाई से स्थिति में अस्थायी सुधार तो आता है, लेकिन कुछ घंटों के भीतर ही अतिक्रमण शुरू हो जाता है, जिससे जाम की समस्या जस की तस बनी रहती है। अभियान में जीवछ महतो, ओमप्रकाश, धर्मेंद्र सहनी अमीन, अमरनाथ कुमार, रोशन कुमार समेत नगर परिषद के अन्य कर्मी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।

