बक्सर, 6 दिसम्बर (बक्सर) जिले में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह ने आज केशोपुर बहुग्रामीय जलापूर्ति योजना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने योजना की प्रगति, जलापूर्ति की नियमितता तथा तकनीकी व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

डीएम ने कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल बक्सर को स्पष्ट आदेश दिया कि जिले के सभी वार्डों में साप्ताहिक रूप से जलापूर्ति की समीक्षा अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की बाधा या अनियमितता न उत्पन्न हो। उन्होंने कहा कि आम जनता तक निर्बाध जलापूर्ति प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता है, इसलिए लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इसके साथ ही जिला पदाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक 15 दिनों पर सिमरी प्रखंड के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जलापूर्ति से संबंधित फीडबैक प्राप्त किया जाए। फीडबैक में प्राप्त त्रुटियों का तत्काल निराकरण करते हुए व्यवस्था को सुचारू रखा जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट की स्थिति न उत्पन्न हो।

