नालंदा, 13 दिसम्बर (अविनाश पांडेय) नालंदा जिला स्थित बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में शुक्रवार को उस समय ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों के दीक्षांत परेड समारोह में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया और सलामी लेकर प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्द्धन किया।

परेड मैदान देशभक्ति और अनुशासन के रंग में रंगा नजर आया।मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका सबसे अहम है। आप सभी ने कठोर प्रशिक्षण प्राप्त किया है और मुझे विश्वास है कि आप निष्ठा, ईमानदारी, संवेदनशीलता और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को पुरस्कृत भी किया। अंकित कुमार को बेस्ट प्रोवेशनर ओवरऑल एवं इंडोर, रुपेश कुमार को बेस्ट प्रोवेशनर आउटडोर तथा सुश्री मीना कुमारी को बेस्ट प्रोवेशनर परेड कमांडर का सम्मान मिला।दीक्षांत समारोह के दौरान प्रशिक्षु अवर निरीक्षकों को शपथ दिलाई गई। ध्वजरोही वाहकों ने राष्ट्रीय ध्वज और अकादमी ध्वज के साथ आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर दर्शकों ने तालियों से उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में बिहार पुलिस अकादमी की निदेशक श्रीमती आर. मलार विजी ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया।कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने अकादमी परिसर का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि अकादमी के विस्तार के लिए 22 एकड़ अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण की स्वीकृति दी गई है, जहां नए प्रशासनिक भवन, परेड मैदान, अधिकारियों के आवास एवं अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने इन कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।गौरतलब है कि 2023 बैच के 1218 पुलिस अवर निरीक्षकों का बुनियादी प्रशिक्षण पूर्ण हुआ है, जिनमें 436 महिलाएं और पहली बार नियुक्त 03 ट्रांसजेंडर अवर निरीक्षक भी शामिल हैं। प्रशिक्षण उपरांत सभी को राज्य के विभिन्न जिलों में पदस्थापित किया जाएगा। समारोह में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई मंत्री, सांसद, वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षु एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

