समस्तीपुर, 18 दिसम्बर (राजेश झा) अनुमंडल कार्यालय सभाकक्ष में बुधवार को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989 के तहत गठित अनुमंडल स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की अहम बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने की।

बैठक के दौरान एसडीओ ने अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन की गहन समीक्षा करते हुए सभी थानाध्यक्षों से उनके क्षेत्र के लंबित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि एससी-एसटी अत्याचार से जुड़े मामलों में जांच या कार्रवाई में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना और निर्धारित मुआवजा राशि उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को मामलों के अनुसंधान की नियमित मॉनिटरिंग कर समय पर आरोप पत्र दाखिल कराने का निर्देश दिया गया। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारियों और कल्याण पदाधिकारियों को विकास मित्रों के माध्यम से पीड़ित परिवारों तक सहायता और जागरूकता पहुंचाने को कहा गया।बैठक में एसडीपीओ, अवर निर्वाचन पदाधिकारी, सभी बीडीओ, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष, पंचायत राज एवं कल्याण पदाधिकारी, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, विकास मित्र सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

