पटना, 18 दिसम्बर (पटना डेस्क) वैशाली जिले के करताहां थाना क्षेत्र में पुलिस ने मानव तस्करी और देह व्यापार से जुड़े एक संगठित गिरोह का सनसनीखेज खुलासा किया है। पारिवारिक कलह के कारण घर से निकली दो सगी बहनों को तस्करों ने फँसाकर शिकार बना लिया।

एसडीपीओ गोपाल मंडल के अनुसार, 24 नवंबर को दर्ज मामले की जांच में सामने आया कि बहनें घर से निकलकर हाजीपुर रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। वहां उनकी मुलाकात अमृता कुमारी नामक महिला से हुई, जिसने उन्हें बहला-फुसलाकर मोतिहारी ले जाया। कुछ ही दिनों बाद अमृता कुमारी ने बड़ी बहन को पैसों के लालच में पूजा देवी के पति लालू महतो को 10 हजार रुपये में बेच दिया। छोटी बहन को उसने अपने पास रखकर जबरन देह व्यापार में धकेल दिया और विरोध करने पर मारपीट भी की।मौके पर मोतिहारी छतौनी थाना पुलिस ने छोटी बहन को मुक्त कराया। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने पता लगाया कि बड़ी बहन को कुंदन कुमार, निवासी पताही, के हाथों बेचा गया था। संयुक्त पुलिस टीम ने बड़ी बहन को सकुशल रेस्क्यू कर कुंदन कुमार को हिरासत में लिया।

