
पटना, 20 दिसम्बर (पटना डेस्क) तेजस राजधानी एक्सप्रेस में सीट को लेकर हुए विवाद ने उस वक्त गंभीर रूप ले लिया, जब मारपीट में रेलवे के सेवानिवृत्त कॉमर्शियल सुपरिटेंडेंट ब्रज किशोर सिंह (67) घायल हो गए, जबकि उनकी भतीजी को भी चोटें आईं। घटना पटना जंक्शन पर बी-1 कोच में मिडिल बर्थ खोलने के दौरान हुई। झगड़ा इतना बढ़ गया कि यात्रियों को पुलिस बुलानी पड़ी।पीड़ित ब्रज किशोर सिंह ने बताया कि उनकी भतीजी हरियाणा के एक अस्पताल में कार्यरत है और तबीयत खराब होने के कारण वे उसे ट्रेन में चढ़ाने आए थे। जैसे ही युवती ने मिडिल बर्थ खोलकर चढ़ने की कोशिश की, एक सहयात्री ने विरोध करते हुए सीट नीचे गिरा दी।

आरोप है कि इसी दौरान आरोपी यात्री ने बीमार युवती को थप्पड़ मार दिया। जब ब्रज किशोर सिंह ने इसका विरोध किया तो उनके साथ भी मुक्कों से मारपीट की गई, जिससे उनके मुंह और सीने में चोट लगी और हाथ से खून निकलने लगा।घटना की सूचना रेलवे हेल्पलाइन 139 पर दी गई। आरपीएफ के अनुसार, टीम जब तक मौके पर पहुंची, तब तक मामला शांत हो चुका था और आरोपी अपनी सीट छोड़कर चला गया था। यात्रियों का आरोप है कि आरपीएफ ने शुरू में मामले को दबाने की कोशिश की। ब्रज किशोर सिंह की लिखित शिकायत पर बाद में मामला दर्ज किया गया। पटना जंक्शन रेल थानाध्यक्ष राजेश सिन्हा ने बताया कि आरोपी की पहचान की जा रही है।पुलिस की कथित लापरवाही और रास्ते में किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पीड़ित युवती ने अपनी यात्रा रद्द कर दी। घायल ब्रज किशोर सिंह को इलाज के लिए रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

