
पटना, 23 दिसम्बर (पटना डेस्क) बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद बांकीपुर विधायक नितिन नबीन पहली बार पटना पहुंचे और आते ही सियासी ताकत का जबरदस्त प्रदर्शन किया। राजधानी की सड़कों पर 6 किलोमीटर लंबा रोड शो निकालकर उन्होंने दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का एहसास करा दिया।

इस रोड शो में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी मौजूद रहे। हालांकि मंच और सड़क दोनों जगह राष्ट्रीय अध्यक्ष के करीब दिखने की होड़ भी साफ नजर आई।रोड शो के दौरान एक दिलचस्प दृश्य तब सामने आया, जब नितिन नबीन के बगल में खड़े विजय सिन्हा को सम्राट चौधरी ने साइड होने का इशारा किया और खुद राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के साथ खड़े हो गए।

यह पल राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया।राजवंशी नगर स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद रोड शो की शुरुआत हुई, जो मिलर हाई स्कूल मैदान में जाकर खत्म हुआ। स्वागत के लिए सैकड़ों की संख्या में हाथी, ऊंट और घोड़े लगाए गए थे। ‘जोड़ी मोदी-नीतीश हिट हो गईल’ गाने पर महिलाएं झूमती नजर आईं। नितिन नबीन को देखने के लिए एयरपोर्ट इलाके में डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया।रोड शो में 50 से अधिक स्वागत मंच बनाए गए थे। आर ब्लॉक और आरओबी पुल पर घंटों जाम की स्थिति बनी रही।

भोजपुरी गीतों, बिहार की संस्कृति और बुलडोजर से फूल बरसाने ने कार्यक्रम को और भव्य बना दिया।इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि नितिन नबीन को पद नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी मिली है। बिहार भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में पूरी ताकत लगाएगी।

