समस्तीपुर (दीपक कुमार सिंह) जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र के सातनपुर गांव में गुरुवार को दिनदहाड़े अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान माधोपुर निवासी विक्रम गिरी के रूप में हुई है, जो हाल ही में जेल से जमानत पर रिहा हुआ था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विक्रम गिरी किसी काम से घर से निकला था, तभी बाइक पर सवार बदमाशों ने उस पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावरों ने करीब दर्जनभर राउंड फायरिंग की, जिससे विक्रम की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज से गांव में अफरातफरी मच गई और लोग दहशत में अपने-अपने घरों में छिप गए।
घटना की सूचना मिलते ही उजियारपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इलाके की सीमाएं सील कर नाकेबंदी शुरू कर दी है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक विक्रम गिरी आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति था। वह दो महीने पहले ही चर्चित नेपाली चौधरी हत्याकांड मामले में जेल से जमानत पर बाहर आया था। उस पर कई अन्य गंभीर आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।
दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया, “विक्रम पर कई संगीन मामले दर्ज हैं। प्रथम दृष्टया मामला आपसी गैंगवार का प्रतीत होता है। हालांकि, सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।”

