
गोपालगंज, 25 दिसम्बर (निज संवाददाता) शहर के तिरबिरवा कैथोलिक चर्च में बुधवार को क्रिसमस का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास व श्रद्धा के साथ मनाया गया। प्रभु यीशु के जन्मोत्सव के अवसर पर सुबह से ही चर्च परिसर में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ लगी रही।

क्रिसमस के मौके पर चर्च को रंग-बिरंगी लाइटों,गुब्बारों और आकर्षक क्रिसमस ट्री से भव्य रूप से सजाया गया था,जिससे पूरा परिसर उत्सवमयी नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें पादरी ने प्रभु यीशु के प्रेम, शांति और भाईचारे के संदेश को साझा करते हुए समाज में मानवता और सेवा भाव को अपनाने की अपील की।

श्रद्धालुओं ने चर्च के भीतर और बाहर मोमबत्तियां जलाकर प्रभु यीशु को स्मरण किया। जलती मोमबत्तियों की रोशनी से वातावरण बेहद शांत और आध्यात्मिक बन गया। लोगों ने अपने परिवार की खुशहाली, अच्छे स्वास्थ्य और समाज में शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान युवाओं और बच्चों में खास उत्साह देखने को मिला। कई बच्चे सैंटा क्लॉज की वेशभूषा में नजर आए और एक-दूसरे को ‘मेरी क्रिसमस’ कहकर शुभकामनाएं दीं।

चर्च परिसर के बाहर मेले जैसा माहौल रहा। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। खास बात यह रही कि ईसाई समुदाय के साथ-साथ अन्य धर्मों के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर इस पर्व में भाग लिया, जो शहर की गंगा-जमुनी तहजीब और सांप्रदायिक सौहार्द को दर्शाता है। श्रद्धालुओं ने चर्च में स्थापित ‘चरनी’ (यीशु जन्म दृश्य) के दर्शन किए और यादगार पलों को कैमरे में कैद किया।

