आरा, 25 दिसम्बर (सेंट्रल डेस्क) भोजपुर जिले के गजराजगंज ओपी क्षेत्र अंतर्गत बामपाली बांध के समीप गुरुवार की दोपहर हथियारबंद बदमाशों ने एक बावर्ची ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गोलीबारी की इस सनसनीखेज घटना से इलाके में हाहाकार मच गया। घायल बावर्ची की पहचान लखीसराय जिले के किउल थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिजन कॉलोनी वृंदावन निवासी राजू पासवान (32) के रूप में हुई है।

उसे सिर के पिछले हिस्से में तीन तथा ठुड्डी पर एक गोली लगी है। गंभीर रूप से जख्मी हालत में उसे तत्काल डायल 112 पुलिस टीम द्वारा आरा शहर के बाबू बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां उसका इलाज जारी है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने राजू पासवान को काफी नजदीक से निशाना बनाया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जख्मी पेशे से बावर्ची है और विभिन्न होटलों में खाना बनाने का काम करता रहा है। वर्तमान में वह नवादा थाना क्षेत्र के जवाहर टोला मोहल्ले में किराए के मकान में रह रहा था।घटना की सूचना मिलते ही गजराजगंज ओपी प्रभारी चंचल महथा पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

ओपी प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल में काम के दौरान राजू पासवान का होटल संचालक से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। प्रथम दृष्टया इसी विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।इधर, घायल का इलाज कर रहे सर्जन डॉ. विकास सिंह ने बताया कि युवक को कुल चार गोलियां लगी थीं। सफल ऑपरेशन के बाद सभी गोलियां निकाल ली गई हैं तथा क्षतिग्रस्त अंगों की मरम्मत की गई है। फिलहाल मरीज की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और हमलावरों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।


