
बक्सर, 25 दिसंबर (विक्रांत) भारतीय जनता पार्टी जिला बक्सर द्वारा बुधवार को अहिरौली स्थित पार्टी कार्यालय में पूरे उत्साह के साथ “अटल स्मृति दिवस” मनाया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ता सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने की, जबकि मंच संचालन महामंत्री विनोद राय ने किया।

सर्वप्रथम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।समारोह में बक्सर विधायक आनंद मिश्रा, राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला, डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह तथा ब्रह्मपुर से एनडीए प्रत्याशी रहे हुलास पांडेय प्रमुख रूप से मौजूद रहे। स्वागत भाषण में जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई के पदचिह्नों पर चलते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही परिणाम है कि जिले की चार में से तीन विधानसभा सीटों पर एनडीए को जीत मिली।बक्सर विधायक आनंद मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे केवल विधायक नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं का प्रतिबिंब हैं और आने वाले समय में हर कार्यकर्ता विधायक की भूमिका में काम करेगा।

डुमरांव विधायक राहुल सिंह ने अटल जी के राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि जनता के काम के लिए वे किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला और हुलास पांडेय ने कहा कि कार्यकर्ता का सम्मान करना ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।कार्यक्रम में जदयू जिलाध्यक्ष अशोक सिंह, लोजपा के अखिलेश सिंह, हम के बलिराम कुशवाहा, रालोमो के विन्ध्याचल कुशवाहा सहित भाजपा के सभी जिला व मंडल पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

