
पटना, 27 दिसम्बर (पटना डेस्क) भीषण ठंड और शीतलहर के बीच शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र की अंबिका कॉलोनी में दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। ठंड से बचने की कोशिश एक परिवार पर भारी पड़ गई, जब दम घुटने से तीन मासूम बच्चों समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं, जिनका इलाज छपरा सदर अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, ठंड से राहत पाने के लिए परिवार ने बंद कमरे में अंगीठी जलाई थी। देर रात तक अंगीठी सुलगती रही, जिससे कमरे में कार्बन मोनोऑक्साइड गैस भर गई और ऑक्सीजन की कमी हो गई। सो रहे लोगों को खतरे का आभास तक नहीं हुआ।इस हादसे में 3 वर्षीय तेजश, 4 वर्षीय अध्याय, 7 माह की गुड़िया कुमारी और 70 वर्षीय कमलावती देवी की मौत हो गई। वहीं अमित कुमार, अमीषा और अंजलि की हालत गंभीर बनी हुई है।

सुबह एक सदस्य को घबराहट हुई तो उसने दरवाजा खोला, तब जाकर घटना का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही एएसपी राम पुकार सिंह समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद पूरा मोहल्ला सदमे और मातम में डूबा है।

