
समस्तीपुर, 27 दिसम्बर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर रेलवे यार्ड की बाउंड्री से सटी मछली एवं मटन की दुकानों से निकलने वाली गंदगी ने रेलवे परिसर की स्वच्छता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकानों से बहने वाला गंदा पानी, अपशिष्ट और दुर्गंध सीधे रेलवे यार्ड व स्टेशन क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं, जिससे अस्वच्छता की भयावह स्थिति उत्पन्न हो गई है।

इस गंदगी के कारण मक्खी, मच्छर और कीटों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, जिससे यात्रियों, रेलकर्मियों और आसपास के इलाकों में बीमारियों के फैलने का खतरा मंडराने लगा है। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि यह स्थिति सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक साबित हो सकती है।लगातार जमा हो रहा कचरा रेलवे ट्रैक, स्लीपर और संरचनाओं को नुकसान पहुंचा सकता है।

पटरियों के किनारे अपशिष्ट से जलनिकासी बाधित हो रही है, जिससे बारिश में जलभराव और रेल परिचालन पर खतरा बढ़ जाता है। यह सुरक्षा के लिहाज से भी चिंताजनक है।रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छ और सुरक्षित परिसर बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है।

इसी क्रम में स्थानीय प्रशासन और नगर निकायों से दुकानों के अपशिष्ट प्रबंधन व नियमन के लिए शीघ्र ठोस कदम उठाने की अपील की गई है। रेलवे को उम्मीद है कि समन्वित कार्रवाई से जल्द समाधान निकलेगा।

