
नालन्दा, 27 दिसम्बर (अविनाश पांडेय) नालंदा जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए, जब दिन के उजाले में फिल्मी स्टाइल में ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। यह सनसनीखेज वारदात रहुई थाना क्षेत्र के सोहसराय रेलवे हाल्ट के समीप एक मिक्सिंग प्लांट के सामने शनिवार की दोपहर हुई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।नालंदा पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप पर सदर एसडीपीओ-2 संजय कुमार जायसवाल ने घटना की पुष्टि की।

उन्होंने बताया कि 5 से 6 अज्ञात अपराधियों ने मिक्सिंग प्लांट के पास अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें बिहारशरीफ थाना क्षेत्र के इमादपुर निवासी स्वर्गीय राम प्रसाद यादव के लगभग 40 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार उर्फ राजेश यादव को गोली लगी है। घायल को तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।एसडीपीओ ने बताया कि विधि-विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और साक्ष्य संकलित किए गए हैं। मौके से तीन खोखे बरामद हुए हैं। अज्ञात अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी और मानवीय जांच की जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। गौरतलब है कि दो दिन पहले ही पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने रहुई थाने में जनता संवाद दरबार लगाकर अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त निर्देश दिए थे, इसके बावजूद हुई वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

