
पटना, 31 दिसम्बर (पटना डेस्क) नया साल आने में अब बस चंद घंटे शेष हैं और बिहार के पर्यटन व धार्मिक स्थल सैलानियों से पूरी तरह पट चुके हैं। 1 जनवरी 2026 के स्वागत को लेकर राज्य भर में आस्था, रोमांच और उत्सव का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है।

खासकर धर्मस्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। बीते कुछ वर्षों में नए साल पर पूजा-अर्चना की परंपरा जिस तेजी से बढ़ी है, इस बार उसने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।देवस्थानों पर आज से ही लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई हैं।

देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। यहां गर्म पानी के कुंड में डुबकी लगाने के लिए सैलानियों की भीड़ उमड़ी हुई है। मंदिर प्रशासन ने 1 जनवरी को शीघ्र दर्शन कूपन की दर 300 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये कर दी है, हालांकि सामान्य कतार से दर्शन की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी।पर्यटन स्थलों की बात करें तो बांका का 700 फीट ऊंचा मंदार पर्वत सैलानियों को खूब लुभा रहा है।

ओढ़नी डैम में लोग वाटर स्पोर्ट्स का जमकर आनंद ले रहे हैं। बेगूसराय की कांवर झील में कश्मीर की डल झील जैसा नजारा देखने को मिल रहा है, जहां पर्यटक नौकाविहार का मजा ले रहे हैं।वाल्मीकि नगर टाइगर रिजर्व में अगले तीन दिनों में करीब डेढ़ लाख पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है।

जंगल सफारी के सभी स्लॉट पहले ही बुक हो चुके हैं। राजगीर में भी हालात कुछ ऐसे ही हैं। जंगल सफारी, रोप-वे और ग्लास ब्रिज पर्यटकों से भरे पड़े हैं, ग्लास ब्रिज तीन दिनों के लिए हाउसफुल हो चुका है।पटना के महावीर मंदिर में नए साल पर श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर विशेष तैयारी की गई है। यहां 1 किलोमीटर से भी लंबी कतार लगने की संभावना है।

गंगा किनारे मरीन ड्राइव पर हजारों लोग नए साल का जश्न मनाने पहुंच रहे हैं।गया का महाबोधि मंदिर, गोपालगंज का थावे मंदिर, मुजफ्फरपुर का गरीबनाथ मंदिर और मुंगेर का चंडिका मंदिर श्रद्धालुओं से गुलजार हैं।

वैशाली स्तूप, कैमूर की पहाड़ियां और मंदार पर्वत जैसे स्थलों पर भी भारी भीड़ देखी जा रही है। वहीं, बिहार के हजारों लोग झारखंड के देवघर स्थित बैद्यनाथ धाम में नए साल की शुरुआत पूजा-अर्चना से करने पहुंच रहे हैं।

